हैली के पति, सिखाएंगे खेती के गुर
- Details
- Friday, 11 January 2013 18:48
- Hits: 10
वाशिंगटन. दक्षिणी कैरोलिना की भारतीय मूल की अमेरिकी गवर्नर निक्की हैली के पति माइकल हैली एक साल के लिए अफगानिस्तान जाने की तैयारी में जुट गए हैं. वहां वह अफगानी किसानों को टिकाऊं फसलें उगाने का गुर सिखाएंगे. दक्षिणी कैरोलिना राष्ट्रीय गार्ड के कैप्टन माइकल हैली ने गुरुवार को परिवार से विदा ली. अफगानिस्तान भेजे जाने से पहले इंडियाना में उन्हें एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा. राष्ट्रीय गार्ड में 2006 में शामिल होने के बाद दूसरे देश में हैली की पहली तैनाती है. इसके पहले वह एक क्षेत्रीय सहायता चिकित्सा कम्पनी में प्लाटून लीडर और कमांडर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. दक्षिणी कैरोलिना राष्ट्रीय गार्ड के 3/49 के कृषि कार्य विकास दल के सदस्य माइकल, अफगानी किसानों को जीवनस्तर सुधारने के लिए नई कृषि तकनीक सिखाएंगे. निक्की हैली 2010 में दक्षिण कैरोलिना की गवर्नर चुनी गई थीं. वह राज्य की पहली महिला गवर्नर और लुसियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल के बाद भारतीय मूल की दूसरी गवर्नर हैं.






